संभल के चंदौसी चौराहे पर जाम के दौरान मासूम की मां को समझाती पुलिस कर्मी।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। संभल जिले के हयात नगर थाना क्षेत्र स्थित गांव गोविंदपुर स्थित आम के बाग में मासूम शिवकुमार (9) की हत्या बड़े ही नृशंस तरीके से की गई थी। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी की अनुमति से मंगलवार को रात हुए पोस्टमार्टम में हो गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर दो डाक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया और अपनी रिपोर्ट पुलिस को भेज दी है। पोस्टमार्टम के दौरान जो तथ्य सामने आए हैं वे काफी अहम हैं और इस मामले की विवेचना में काम आएंगे।
मासूम शिवकुमार 6 दिसंबर को करीब सात बजे हयात नगर थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर मुंजब्ता में अपने घर से लापता हुआ था। उसकी लाश 10 दिसंबर की दोपहर में पुलिस ने तीन हिस्सों में गोविंदपुर के आम के बाग से बरामद की। दाहिना हाथ और सिर उसके धड़ से दूर पड़े थे। सिर कंकाल बन चुका था। उसके सिर में न तो बाल थे और न ही चेहरे पर कोई खाल थी।
ऐसा माना जा रहा है कि हत्यारों ने मासूम की पहचान को छुपाने के लिए चेहरे को क्षत-विक्षत करते हुए खाल उतार ली और सिर की खाल को मय बाल के खींचा गया। वहीं यह आशंका भी है कि हत्या के बाद जब लाश फेंकी गई तो जानवरों खाल नोंच ली हो। जबकि कटा हुआ हाथ भी मिला है। चिकित्सकों की टीम ने शरीर और सिर का डीएनए अलग-अलग लिया है।
अगर कोई शक होता है तो दोनों के डीएनए का मिलान करा लिया जाएगा और इससे यह साबित हो सकेगा कि बच्चे का जो धड़ मिला है उसके करीब मिला सिर उसी बच्चे का है। पुलिस इस मामले में जरूरत समझने पर दोनों का डीएनए मिलान करा सकती है। लाश के हालात को देखकर मासूम के कपड़े सील किए गए हैं। सैंपल भी लिए गए हैं। साथ ही कुकर्म किए जाने के अंदेशे में स्लाइड भी बनाई गई है।