बहजोई। जुनावई के जनता इंटर कॉलेज की दीवार से बरात की बोलेरो टकराने से हुई आठ लोगों की मौके बाद पुलिस की ओर से पांच मृतकों के शव गांव बहापुरपटटी स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए गए थे।
शनिवार को दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पर मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर अव्यवस्थाएं होने का हवाला देते हुए नाराजगी जाहिर की। मृतक सचिन की मां सरिता के मुताबिक पोस्टमार्टम हाउस पर शव रखने के लिए फ्रिज चालू नहीं थे। मृतक दूल्हे सूरज के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर बैठने व पीने के पानी आदि की उचित व्यवस्था न होने की बात कही। इस बीच अन्य परिजनों की ओर से पोस्टमार्टम हाउस पर फ्रिज न चलने के कारण बर्फ के लिए रुपये वसूली की बात कही गई। साथ ही घर तक शव ले जाने के लिए शव वाहन न मिलने तथा शवों के पोस्टमार्टम में देरी करने की बात कही।
इस बीच परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव समेत जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, सपा नेता उमेश यादव व शोभित कुमार काका आदि से पोस्टमार्टम हाउस पर अव्यवस्था होने की शिकायत की। इस पर सपाइयों ने पूरा मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में लाने का भरोसा दिया।
0000000000000
पोस्टमार्टम हाउस की बिजली ग्रामीण इलाके से जुड़ी है। उसको शहरी क्षेत्र से जोड़ा जाएगा। पीने का पानी और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। जनरेटर की भी व्यवस्था है। किसी को असुविधा न हो। इसका पूरा ख्याल रखने का निर्देश है।
डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल।