चंदौसी (संभल)। राजकीय पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए चल रही सातवें चरण की अतिरिक्त काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों को राहत दी गई है। प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए शुल्क जमा करने, अभिलेख सत्यापन और सीट विड्रॉल की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। अब अभ्यर्थी 10 सितंबर तक शुल्क जमा और 11 सितंबर तक शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन करा सकेंगे। इस संबंध में संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने दिशा-निर्देश दिए हैं।
बदायूं रोड स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक में सिविल, केमिकल और प्रिंटिंग ट्रेड की 75-75 सीटें हैं। इसके अलावा लेटरल एंट्री की 14 सीटें हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए छह चरण की काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है। छह चरण में 227 सीटों पर प्रवेश होने के बाद 12 सीटें रिक्त रह गई हैं। रिक्त सीटों को भरने के लिए चार सितंबर से सातवें चरण की काउंसिलिंग शुरू की गई थी। सातवें चरण में चार से सात सितंबर तक ऑनलाइन शुल्क जमा होना था, जबकि पांच से आठ सितंबर तक शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन और नौ सितंबर को सीट विड्रॉल की प्रक्रिया निर्धारित थी।
अब अभ्यर्थियों को राहत देते हुए इन तिथियों में बदलाव किया गया है। प्रधानाचार्य शंकर सिंह ने बताया कि अब अभ्यर्थी 10 सितंबर तक ऑनलाइन सिक्योरिटी काउंसिलिंग शुल्क जमा कर सकेंगे, जबकि पांच से 11 सितंबर की शाम छह बजे तक अभिलेखों का सत्यापन कराया जा सकेगा। इसके अलावा सीट विड्रॉल की प्रक्रिया नौ से 11 सितंबर तक चलेगी। प्रधानाचार्य शंकर सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा करने के साथ अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन जरूर करा लें। रिक्त सीटों पर प्रवेश का यह अंतिम मौका है, इसलिए अभ्यर्थी समय का ध्यान रखते हुए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें।