सिरसी में झील के किनारे नगर पंचायत द्वारा डाले गए कूड़े में लगी आग से उठता धुआं।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। सिरसी में झील के किनारे और फिरोजपुर में सड़क के किनारे कूड़ा जलाया जा रहा है। सड़कों पर धुआं उगलते हुए वाहन भी दिन भर गुजर रहे हैं। इससे प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।
नगर पालिका परिषद ने ट्रेंचिंग ग्राउंड के कूड़े को टैंकर भेजकर बुझवाया है लेकिन अब संभल-मुरादाबाद मार्ग पर फिरोजपुर के निकट मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे कूड़ा और पराली के ढेर को जलाया जा रहा है। कूड़ा जलाए जाने की घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। संभल नगर पालिका परिषद के बाद सिरसी नगर पंचायत परिषद के क्षेत्र में मंगलवार को कूड़ा जलाने की घटना सामने आई। सिरसी में कूड़ा निस्तारण का कोई इंतजाम नहीं है। नगर पंचायत की गाड़ियां झील के किनारे कूड़ा फेंक रहीं हैं। धुआं उगलती गाड़ियां भी दिन भर दौड़ रहीं हैं। खासकर तब जब दिल्ली एनसीआर से लेकर संभल तक प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। इन हालातों में सवाल यह है कि प्रदूषण कैसे रुकेगा।
वाहन से प्रदूषण फैलाने पर लगेगा दस हजार रुपये जुर्माना
संभल। अगर किसी वाहन को प्रदूषण फैलाने के आरोप में पकड़कर चालान किया गया तो दस हजार रुपये जुर्माना भरना पड़ेगा। यह जानकारी एआरटीओ अमरीश कुमार ने दी। परिवहन विभाग ने एक महीने में 80 चालान किए हैं। इन सभी को दस हजार रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि 2500 से बढ़ाकर जुर्माना राशि 10,000 की गई है। अब इससे लोगों में जागरूकता आई है। लोग अपने वाहन का पॉल्यूशन ऑन कंट्रोल सर्टिफिकेट लेकर चल रहे हैं। ब्यूरो