चंदौसी। बहजोई रोड स्थित नगर पालिका की दुकानों पर मंगलवार को कुछ लोगों ने ताला तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसकी जानकारी जब दुकान स्वामियों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। निर्माण कार्य का विरोध किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस दौरान दोनों पक्ष दुकानों पर अपना अपना दावा करते रहे।
वहीं ईओ का कहना है कि निखिल प्रकाश के नाम से दुकान आवंटित है। निर्माण कर रहे व्यक्ति के नाम कोई आवंटन नहीं हुआ है।चंदौसी नगर पालिका की बहजोई स्टेशन रोड पर तीन दुकानें बनी हैं। जिनको दिसंबर 2021 में नगर पालिका ने शहर के मोहल्ला शक्तिनगर निवासी निखिल प्रकाश और मोहल्ला मोती निवासी रजत वाष्र्णेय के नाम से आवंटित किया था। मंगलवार को निखिल कुमार को जानकारी मिली कि कुछ लोगों ने उनकी दुकानों के ताला तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। आनन फानन में निखिल प्रकाश अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। यहां उसने निर्माण कार्य का विरोध किया। इसी बीच कोतवाली पुलिस भी यहां आ पहुंची। मौके पर निर्माण कार्य करा रहे मोहर सिंह निवासी गांव चांदपुर मिठाया जनपद बदायूं ने दुकान पर अपना दावा किया। उन्होंने कहा कि दुकानों का एग्रीमेंट इसी वर्ष जनवरी माह में चंदौसी निवासी लक्ष्मण गंज में रहने वाली महिला से कराया है। इसी बीच पालिका की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके पर हुए निर्माण कार्य को तोड़वा दिया।