बहजोई। होली के त्योहार के मद्देनजर जिले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों को थानावार बतौर मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि भूमि संरक्षण अधिकारी ओंकार सिंह को थाना संभल क्षेत्र का मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
इसके अलावा जिला आबकारी अधिकारी राजेश श्रीवास्तव को थाना नखासा का, सीओ चकबंदी संभल विजय शंकर सिंह को थाना हयातनगर, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग मोहित गुप्ता को थाना असमोली, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण रमेश चंद्र को थाना बहजोई का मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
उप निदेशक कृषि हीरा सिंह जीना को थाना चंदौसी, खंड विकास अधिकारी बनियाखेड़ा शिखर श्रीवास्तव को थाना बनियाठेर, जिला गन्ना अधिकारी कुलदीप सिंह को थाना कुढ़फतेहगढ़, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता हरेंद्र सिंह को थाना गुन्नौर का मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी रजपुरा आशीष कुमार पटेल को थाना रजपुरा तथा खंड शिक्षा अधिकारी गुन्नौर सुनील कुमार सक्सैना को थाना धनारी क्षेत्र का मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
डीएम ने बताया कि सभी मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्र में तैनात रहकर पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अपर जिला मजिस्ट्रेट कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के प्रभारी मजिस्ट्रेट रहेंगे। वह सभी मजिस्ट्रेटों व विभिन्न विभागों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर निकाय, विद्युत व अग्निशमन आदि से लगातार समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होंगे।