हयातनगर में मकान के एक हिस्से की खुदाई के दौरान यह मटकी मिली है।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। हयातनगर मोहल्ले में एक पुराने मकान की खुदाई के दौरान 23 किलोग्राम सोना निकलने की चर्चा से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ, तहसीलदार, दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। खुदाई में निकली एक मटकी साथ ले गई। लोगों ने मटकी में सोना होने की बात कही लेकिन पुलिस और मकान मालिक का कहना है कि मटकी खाली थी। सीओ ने कहा कि पुरातात्विक महत्व समझने के लिए मटकी को कब्जे में लिया है। इसकी विशेषज्ञों से जांच कराएंगे। पुरातात्विक महत्व समझने के लिए फिलहाल मकान को भी तालाबंद कर दिया है।
सोमवार दोपहर हयातनगर थाना पुलिस को किसी ने एक पुराने मकान की खुदाई में 23 किलोग्राम सोना निकलने की सूचना दी। सूचना प्रसारित होते ही सीओ अरुण कुमार सिंह अपने साथ तहसीलदार करम सिंह और संभल कोतवाली व हयातनगर थाने की फोर्स को लेकर पहुंचे। मकान स्वामी से पूछताछ के बाद पुलिस वहां मजदूरी कर रहे चार लोगों, मकान स्वामी के दो बेटों को थाने ले आई। साथ ही मकान की खुदाई से निकली मिट्टी की मटकी भी कब्जे में ले ली। मकान मालिक के बेटों ने खुदाई में सिर्फ खाली मटकी निकलने की बात कही। पूछताछ के बाद पुलिस ने फिर मौका मुआयना किया और खुदाई का काम रुकवा कर मकान पर ताला डलवा दिया।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मटकी में 23 किलो सोना निकलने की अफवाह फैलाई गई थी। मकान पुराना होने और खुदाई में पुराने दौर की मटकी निकलने से पुरातात्विक महत्व जानना जरूरी लगता है। इसके लिए पुरातत्व विभाग को अवगत कराया जा रहा है। विशेषज्ञों की जांच से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। स्थिति स्पष्ट होने तक मौके पर काम रुका रहेगा।
बेकरी के काम के लिए हो रहा था निर्माण
संभल। जिस भवन की खुदाई के दौरान मटकी निकलने और सोने की चर्चा फैलने की घटना हुई वो काफी पुराना है। रिटायर्ड शिक्षक के इस पुश्तैनी मकान में उनके बेटे बेकरी का काम करते हैं। मकान ज्यादा जर्जर हो जाने से मरम्मत और कुछ नए निर्माण के लिए खुदाई कराई जा रही थी। इसी दौरान एक दरवाजे के पीछे मिट्टी की मटकी निकली थी।