चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव छाबड़ा में बृहस्पतिवार की रात मर्डर की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही पुलिस रात में दौड़ पड़ी। गांव पहुंची तो सूचना झूठी निकली। अब पुलिस झूठी सूचना देेने वाले की तलाश कर रही है। आरोपी का मोबाइल बंद है।
बृहस्पतिवार की रात यूपी-112 नंबर पर एक ग्रामीण ने सूचना दी कि वह थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव छाबड़ा से बोल रहा है और गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। कंट्रोल रूम की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पीआरवी टीम व थानाध्यक्ष मनोज वर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। ग्रामीणों से किसी वारदात के बारे में जानकारी की तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। पुलिस ने सूचना देने वाले के मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वह मोबाइल स्विच ऑफ आया। इसके बाद भी पुलिस ने गांव में जगह जगह जानकारी की। ग्रामीणों ने किसी भी तरह की वारदात से इंकार किया। हत्या की सूचना झूठी निकलने पर पुलिस ने फोन करने वाले की तलाश की पर उसका कोई पता नहीं चला।