चंदौसी। चीनी मांझा के बढ़ते खतरे को लेकर रविवार को कोतवाली परिसर में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पतंग विक्रेताओं के साथ साथ अभिभावक व बच्चे शामिल हुए। इन्हें पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, चीनी मांझे का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसएसआई गिरीश गंगवार व उपनिरीक्षक दुष्यंत गोस्वामी द्वारा चीनी मांझा के हानिकारक दुष्प्रभाव संबंधित पंफ्लेट्स वितरित किए गए। इस दौरान पतंग विक्रेताओं, अभिभावकों और बच्चों को विशेष रूप से समझाया गया कि वे इस खतरनाक मांझे की खरीद-फरोख्त और उपयोग से बचें।
एसएसआई गिरीश गंगवार ने उन्हें बताया कि चीनी मांझा न केवल पक्षियों बल्कि इंसानों के लिए भी बेहद घातक साबित हो रहा है। यह मांझा तेज धार वाला होता है। इससे कई बार लोगों की गर्दन, हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आ जाती हैं। उन्होंने कहा कि बाइक सवार और राहगीर इसके सबसे अधिक शिकार होते हैं, वहीं पक्षियों के लिए भी यह जानलेवा साबित होता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को चीनी मांझे का प्रयोग न करने दें और सुरक्षित धागों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही, दुकानदारों को भी सख्त निर्देश दिए गए कि वे इस प्रकार के मांझे की बिक्री न करें, अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।