संभल। 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में गोलियां चलवाकर पांच हत्याएं कराने वाले शारिक साटा के करीबियों पर भी पुलिस की अब नजर है। शारिक साटा बवाल का मास्टरमाइंड था। उसने ही अपने गुर्गों से गोलियां चलवाईं और पांच लोगों की जान चली गई। इसमें चार हत्या के मामले दर्ज किए गए थे। एक मृतक के परिजनों ने कार्रवाई नहीं की थी। अब पुलिस की निगरानी में वह लोग हैं जो शारिक साटा क करीबी हैं। पुलिस को यह भी सूचना है कि पिछले छह महीने के अंदर कुछ लोग दुबई जाकर शारिक साटा से मिले भी हैं। शारिक साटा वाहन चोरी के साथ नकली नोट व हथियारों की तस्करी में भी शामिल रहता है। चार दिन पहले सोने के बिस्किट के साथ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह फोटो कब का है और किस देश का है। इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। लेकिन किसी अफ्रीकी देश के व्यक्ति के साथ वह बैठा दिखाई दे रहा है। इससे सोना तस्करी से भी उसको अब जोड़ा जा रहा है। दुबई में रहकर फिलहाल वह देश में वाहन चोरी कराता है। वाहन चोरी के मामले में ही दिल्ली पुलिस गैरजमानती वारंट लेकर घूम रही है।
वहीं, दूसरी ओर संभल पुलिस बवाल में फरार होने के चलते शारिक साटा का दीपा सराय में स्थित 260 गज का मकान कुर्क करने की तैयारी में है। करीब एक करोड़ रुपये का यह मकान माना जा रहा है। इसके अलावा परमानेंट वारंट भी जारी कराने की तैयारी है। जिससे मामला इंटरपोल तक पहुंचे और शारिक साटा की विदेश में भी गिरफ्तारी हो सके।