संभल में पुलिस के एंटी रोमियो दल की कार्रवाई का यह रहा नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
योगी सरकार बनने के बाद पुलिस हरकत में है। संभल पुलिस ने दिन में रोमियो को पकड़ने का अभियान चलाया तो चंदौसी में पुलिस क्षेत्राधिकारी ने रात में शहर के होटलों व ढाबों पर छापामारी की। शराब पी रहे युवकों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। होटल व ढ़ावा स्वामी को भी चेतावनी दी गई।
उत्तर प्रदेश की पुलिस अभी तक लापरवाही के लिए बदनाम थी। अब यही पुलिस योगी सरकार के आते ही सोते से जाग गई है। योगी के लगातार एक्शन लेने से पुलिस भी हरकत में आई है। जहां दिन में पुलिस ने मछली बाजार में मीट की दुकानें बंद कराई तो रात नौ बजे क्षेत्राधिकारी पुलिस सुरेश बाबू यादव ने छापेमारी की। क्षेत्राधिकारी ने मुरादाबाद गेट, एफआर रोड, बदायूं चुंगी, पथरा तिराहा, बहजोई रोड आदि पर होटलों व ढाबों पर छापेमारी कर शराब पी रहे युवको को चेक किया।
बदायूं चुंगी स्थित एक होटल से उन्होने तीन युवकों को शराब पीते पकड़ा। लेकिन हिदायत देकर छोड़ दिया। होटल व ढाबा स्वामी को भी शराब न पिलाने की चेतावनी दी। बहजोई रोड पर शराब की दुकान के पास शराब पी रहे तीन युवकों को पकड़ कर कोतवाली पुलिस के हवाले किया। पुलिस की छापेमारी से होटल व ढ़ाबा स्वामियों व युवाओं में हड़कंप मचा रहा।