चंदौसी। बनियाठेर क्षेत्र के गांव अकरौली में पांच दिन पहले किशोरी की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया था। हत्या के मामले में पुलिस की जांच की सुई परिजनों तक बार बार अटक रही है। चार दिन से परिजनों को उठाए हुए हैं, पर अभी कारण नहीं तलाश पाई है। पुलिस ने गांव के समीपवर्ती बिलारी क्षेत्र के गांव के युवक को भी उठाकर पूछताछ की है।
बनियाठेर क्षेत्र के गांव अकरौली में बुधवार की रात रानी (17) की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया था। बृहस्पतिवार की सुबह परिजनों ने शव लटका देखा। पिता ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने किशोरी के पिता, भाई, भाभी को उठाकर कई बार पूछताछ की। इनके बयानों में कुछ विरोधाभास भी सामने आया है। पर हत्या के कारण तक पुलिस अभी नहीं पहुंच पाई है। किशोरी बकरी चराने जाती थी। उसके साथ जाने वाली लड़कियों से भी पुलिस ने जानकारी ली। जानकारी के आधार पर अकरौली के समीपवर्ती थाना बिलारी क्षेत्र के गांव निवासी युवक व उसके भाई को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर अभी तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। बार बार जांच की सुई परिजनों की ओर घूम रही है, पर हत्या का वजह स्पष्ट नहीं कर पा रही है। सबसे बड़ा सवाल है कि रात में किशोरी की हत्या की गई, छत पर बिछे हुए बिस्तर पर खून के निशान मिले हैं। इसके बाद पेड़ के नीचे खून की कुछ बूंदें मिली है। किशोरी की मौत का कारण कलाई व गले की नस कटने और अधिक खून बहने के कारण हुई है। आखिर वह खून कहां गया। कई सवाल हैं, जिनके जबाव अभी पुलिस के पास नहीं है। हालांकि पुलिस जल्द खुलासे का दावा कर रही है।