चंदौसी। बनियाठेर पुलिस ने गांव गोपालपुर के पास बंद पड़े भट्टे के मजदूरों के कमरों में अवैध शस्त्र फैक्टरी पकड़ी है। एक आरोपी मौके से पकड़ा गया है। यहां से पुलिस को बने अधबने तमंचे, बंदूक व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर हथियारों की मांग बढ़ जाती है। मांग पर ही हथियार बनाए जा रहे थे।
बहजोई में पुलिस कार्यालय पर प्रेसवार्ता में एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि सोमवार की रात बनियाठेर पुलिस को गांव गोपालपुर के पास खंडहर पड़े ईट भट्ठा के पुराने कमरों में अवैध शस्त्र बनाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर भट्ठे के मजदूरों के खंडहर पड़े कमरों में छापा मारा। वहां पुलिस ने एक युवक को हथियार बनाते पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सफदर निवासी मोहल्ला पैपटपुरा तकिया वाली मस्जिद संभल बताया है। पुलिस ने मौके से एक बंदूक 12 बोर, एक अधबनी बंदूक, तीन तमंचे 12 बोर, तीन तमंचे 315 बोर, आठ अधबने तमंचे 12 बोर, सात कारतूस, चार खोखे बरामद किए हैं। टीम में थानाध्यक्ष बनियाठेर रविंद्र सिंह, एसआई रतनेश कुमार, एसआई विनोद कुमार, कांस्टेबल कपिल कुमार, अजयपाल सिंह, वरुण कुमार रहे।