गवां (संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की दोपहर नाबालिग लड़की के निकाह होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सूचना सही पाई गई। इसके बाद पुलिस नाबालिग दुल्हन को अपने साथ थाने ले गई और बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया। हालांकि बाद में समिति से नाबालिग दुल्हन के परिजनों ने लिखित में आश्वासन दिया कि बालिग होने पर ही वह अपनी बेटी की शादी करेंगे। इसके बाद नाबालिग दुल्हन को परिजनों को सुपुर्द किया गया।
रजपुरा थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की शादी जिला अमरोहा के थाना हसनपुर अंतर्गत एक गांव निवासी युवक से कुछ समय पहले तय कर दी थी। रविवार की दोपहर बरात आनी थी लेकिन बरात आने से पहले किसी ने पुलिस को सूचना दी कि नाबालिग लड़की का निकाह किया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस मौके पर पहुंच गई। बरात के आने के इंतजाम में जो लोग लगे थे उनमें अफरा तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुल्हन से पूछताछ की। जिसमें स्पष्ट हुआ कि वह नाबालिग है।
इसके बाद पुलिस दुल्हन को थाने ले गई और बाल कल्याण समिति को सूचना दी। मौके पर पहुंची बाल कल्याण समिति ने नाबालिग दुल्हन के परिजनों को थाने बुलाया। जहां नाबालिग के परिजनों ने शपथ पत्र के माध्यम से आश्वासन दिया कि वह अपनी बेटी के बालिग होने पर ही शादी करेंगे। इस सहमति के बाद दुल्हन को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर दूल्हा के परिजनों को यह सूचना मिली तो उनकी बरात की तैयारी धरी रह गईं। बरात नहीं आने से माहौल गमगीन सा हो गया। दुल्हन के परिजनों का कहना है कि बरात की पूरी तैयारी कर ली गई थी। खाने व नाश्ते की भी पूरी तैयारी हो गई थी।