गुन्नौर/बबराला। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला टंकी में हुए दो वर्गों के बीच विवाद में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य भागे हुए आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। यह विवाद दो वर्गों के कुछ लोगों के बीच शनिवार की देर रात हो गया था। इसमें पथराव व फायरिंग की गई। एक वर्ग का युवक घायल हुआ था। पुलिस ने दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
इसी क्रम में सोमवार को कोतवाली पुलिस ने जगह जगह दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ऊदल, रईस, नफीस, विनोद और प्रशांत हैं। आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है। कोतवाल सतीश आर्य ने बताया कि दो वर्गों के कुछ लोगों में हुए विवाद में नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बवाल और जानलेवा हमला करने समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रविवार को दो आरोपियों का चालान किया गया था। सोमवार को पांच लोगों का चालान किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।