संभल/चंदौसी। विदेश से आए लोगों से सतर्क रहने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं। जिसमें स्पष्ट है कि विदेश से आए व्यक्ति के घर में प्रवेश करना मना है। और 14 दिनों तक एहतियात बरती जाए। इसके अलावा परिजनों से भी अलग ही रहने के लिए हिदायत दी गई है, लेकिन अब यह नोटिस फाड़े जा रहे हैं। संभल के चंदौसी अंतर्गत मोहल्ला राज मोहल्ला में एक विदेश से आए व्यक्ति के घर पर लगा नोटिस फाड़ दिया गया।
इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग को दी है। वहीं दूसरा मामला चंदौसी के कस्बा नरौली अंतर्गत मोहल्ला काजी टोला में सामने आया है। दुबई से लौटे व्यक्ति ने घर पर लगा नोटिस फाड़ दिया है। ऐसे दो मामले संभल में आए हैं। जहां नोटिस फाड़ दिए गए हैं। संभल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी जुहेब करीम ने बताया कि नोटिस फाड़ना गलत है। यदि ऐसा किया गया तो नोटिस फाड़ने वाले लोगों पर राष्ट्रीय कार्यक्रम में बाधा डालने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।