चंदौसी। श्री नारायण सेवा समिति की ओर से हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में काव्य महोत्सव का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज हनुमानगढ़ी में किया गया। जिसमें कवियों ने अपने काव्य पाठ से सभी का मनमोह लिया। श्रोताओं की तालियों की गड़गहाहट से बार बार कार्यक्रम स्थल गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शासकीय अधिवक्ता विष्णु कुमार शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, विष्णु अग्रवाल आदि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कवि अमित यादव श्याम ने मातृ भक्ति से ब्रह्मा खुश हैं मां भक्ति से खुश पुरवासी सुनाकर की। युवा कवयित्री शिवानी दीक्षित महक ने कोई तो है जो लोगों के दिलों पे राज करता है, वो सृष्टि के हां कण-कण में सदा ही वास करता है। कवयित्री सौम्या यादव ’सौम्य’ ने कहा कि हारें जीतें लड़ना तो छोड़ेंगे नहीं जीवन में संघर्ष सही, कदमों को रोकेंगे नहीं सुना कर वाहवाही लूटी।
विज्ञापन
विकास कुमार मिश्रा एडवोकेट ने महाराणा सांगा के इतिहास को याद दिलाते हुए पढ़ा कि दुश्मनों की गर्दनों को अपनी तलवार पे टांगा था, वो इस माटी का वीर योद्धा महाराणा सांगा था सुना कर दिलों में जोश भर दिया। कवयित्री हिमांशी शर्मा ने होली केवल त्योहार नहीं ये प्रेम प्रीत का संगम है, दहन होलिका होने पर समाप्त होती सब अनबन है सुना कर तालियां बटोरीं। इसके अलावा दिनेश पाल सिंह दिलकश, शांति राना, ज्ञान सिंह प्रीतकर, मुकेश दीक्षित, जयशंकर दुबे, सुखपाल सिंह गौर, अतुल कुमार शर्मा, निर्दोष कुमार ''''विन'''', हरीश कठेरिया एडवोकेट ने अपनी पंक्तियों से श्रोताओं को वाह वाह कहने को मजबूर कर दिया।
इस दौरान डॉ. डीके अग्निहोत्री, नरेश राघव, नरेश प्रताप सिंह चौहान, विपिन वार्ष्णेय, शैलेंद्र वार्ष्णेय, केजी गुप्ता, राजीव शर्मा, विभोर बंसल, मुकुंद, पवन अग्रवाल, सुरेश चंद्र, दिनेश चंद्र, सुखलेश कुमार आदि थे।