चंदौसी। नगर में अमृत जल योजना के तहत डाली गई पाइप लाइनों में से लीकेज बंद नहीं हो रहे हैं। इस कारण सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। वहीं जल निगम लीकेज बंद करने के लिए नई सड़कों पर गड्ढे खोद रहा है।
चंदौसी में जल निगम की ओर से अमृत जल योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से नगर में नई पाइप लाइन बिछाई गई थी। ताकि लोगों को शुद्ध व भरपूर जल मिल सके। लेकिन अमृत जल योजना के तहत डाली गई वाटर लाइन लोगों को राहत कम तकलीफ ज्यादा दे रही है। आए दिन इन पाइप लाइनों में लीकेज की समस्या आ रही है। टेस्टिंग के नाम पर जल निगम सड़कों पर गड्ढे खोद रहा है।
शुक्रवार को रामस्वरूप रोड स्थित स्टेट बैंक के सामने पाइप लाइन में लीकेज की समस्या होने पर जल निगम ने एक बड़ा सा गड्ढा खोद दिया। जबकि यह सड़क कुछ दिन पहले ही नगर पालिका की तरफ से नई डाली गई है। जल निगम के द्वारा खोद गए गड्ढे से नई सड़क भी जर्जर होने लगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जल निगम लीकेज के नाम पर टेस्टिंग करने के लिए गड्ढे खोदता है फिर लीकेज सही करने के बाद गड्ढाें को मिट्टी आदि से पाट देता है। इससे आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।