बहजोई। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सीएचसी के सभागार में जिला स्तरीय बैठक कर अपने मुद्दे उठाए।
मंगलवार को करीब चार बजे बैठक करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. वाईपी जोशी ने कहा कि जिले भर के अधिकतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती नहीं है। जहां तैनाती है भी, वहां चिकित्सक नहीं आते हैं। ऐसे में फार्मासिस्टों पर अस्पताल संचालन में कार्य का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, कई फार्मासिस्टों के मुताबिक, नए वित्तीय वर्ष के लिए रजिस्टर, मेडिसिन स्टॉक बुक व अन्य सामान प्राप्त नहीं हो पाया है। इसके चलते नए वित्तीय वर्ष के लिए स्टॉक रजिस्टर नहीं बन पाए हैं।
जिला मंत्री जयकिशोर उमराव ने कहा कि ड्रग वेयर हाउस से दवाइयां लाने के लिए वाहन की व्यवस्था न होने से मुश्किल रहती है। वहीं, फार्मासिस्टों को प्रत्येक माह की पांच तारीख तक वेतन आहरित हो जाए। फार्मासिस्टों का कहना था कि समय रहते यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन तय है।
बैठक में महेश चंद्र, हेमेशनाथ, मायाराम, पवन यादव, योगेश अग्रवाल, सतीश तिवारी, शिवकुमार, कुलश्रेष्ठ शर्मा व रवींद्र कुमार आदि रहे।