पति से अलगाव के बाद चंदौसी विधायक लक्ष्मी गौतम के करीबी रहे मुकुल अग्रवाल के परिजनों ने शनिवार को एसडीएम कोर्ट में हंगामा कर दिया। विधायक लक्ष्मी गौतम की शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी ने शांति भंग के अंदेशे में शुक्रवार को उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था।
शनिवार को करीब चार बजे मुकुल अग्रवाल के परिजन समेत अधिवक्ताओं ने उप जिलाधिकारी के पेशकार विपिन कुमार भारद्वाज पर नकल नहीं देने का आरोप लगाकर नोकझोंक की।
तहसील परिसर स्थित उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में पूर्व सपा नेता की पैरवी के लिए गए अधिवक्ता और उप जिलाधिकारी के पेेशकार में जमकर नोकझोंक हुई। पेशकार ने अधिवक्ता की मांग पर पत्रावली की नकल देने को मना कर दिया। अधिवक्ता और पेशकार के बीच तीखी बहस हुई।
तहसील में मुकुल अग्रवाल के समर्थन में सपाई, पिता मनोज कुमार, भाई आयुष्मान और अधिवक्ता कविंद्र यादव व छत्रपाल सिंह यादव ने पत्रावली नहीं देने पर नाराजगी व्यक्त कर पेशकार को नसीहत दी। उन्होंने पत्रावली पर जेल भेजने का जिक्र नहीं होने का आरोप लगाते हुए गलत तरीके से जेल भेजने का आरोप लगाया।