संभल। तीन दिन पहले जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर लोगों को हर तरफ गम और गुस्से का माहौल है। यहां लोग हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं सड़क पर उतरकर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। सरकार से पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग कर रहे हैं।
संभल में केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों ने पहलगाम में आतंकी हमले को लेकर रोष व्यक्त किया। पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर सरकार से जवाब देने की मांग की। मृतकों की आत्मा की शांति के लिए यशोदा चौराहे पर मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। राहिल भारतीय ने कहा कि पहलगाम में निर्दोषों की हत्या माफी योग्य नहीं है। इस दौरान अध्यक्ष अवधेश वार्ष्णेय, राकेश कुमार, सुभाष चंद्र मोंगिया, मोहम्मद शाहनवाज, सुबोध शर्मा, अंकुश त्यागी, नोमान प्रधान आदि रहे।
वहीं फतेहपुर उत्तमा के चौधरी गंगादास कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शोकसभा आयोजित की गई। छात्रों ने आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि दी। प्रबंधक धर्मपाल सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार आतंक का सफाया करे। आतंकी हमले से हर भारतीय दुखी है। इस दौरान शिवकुमार, अंकित कुमार, ललित कुमार, राज कुमार, सत्यपाल सिंह आदि रहे।
सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में हो हमले की जांच
संभल। आजाद अधिकार सेना के कार्यकर्ताओं ने पहलगाम की आतंकी हमले को लेकर रोष जताया। साथ ही जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। जिसमें हमले की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में कराने की मांग की।
प्रदेश महासचिव खिजर गौस ने कहा कि पहलगाम में इतनी बड़ी घटना घटने के पहले निश्चित रूप से इसके लिए काफी तैयारी हुई होगी और कई प्रकार के मूवमेंट हुए होंगे। इस मामले में भारत सरकार व जम्मू और कश्मीर की जिम्मेदार सुरक्षा और इंटेलिजेंस की भारी चूक रही है। ज्ञापन में प्रधानमंत्री से रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट के जज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करते हुए हमले की जांच कराने की मांग की है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष जरीफ मिर्जा, फैजान खान, डॉ. शहनवाज, रागीब हुसैन, किशन पाल सैन आदि रहे। संवाद
-
महिला कांग्रेसियों ने मृतकाें को दी श्रद्धांजलि
संभल। महिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष मीनू शर्मा की अगुवाई में महिला कार्यकर्ताओं ने मोहम्मदपुर टांडा में मोमबत्ती जलाकर आतंकी हमले के मृतकों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही घायलों के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की। जिलाध्यक्ष मीनू शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने का दावा पूर्ण रूप से खोखला है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, मंजू चौधरी, सुनीता शर्मा, सुगंधी वर्मा, राजकुमारी वर्मा, राजवती कश्यप आदि रहीं। संवाद