बनियाठेर। गांव मोहम्मदपुर बाबई में शुक्रवार को विवादित जमीन को लेकर दो संप्रदाय के लोगों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों संप्रदाय के लोग एक दूसरे के साथ गाली गलौज करने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने लाठी-डंडे लेकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में दोनों पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष के तीन नामजद सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हल्का लेखपाल रविंद्र सिंह गांव की एक विवादित भूमि की जांच के लिए गए थे। जांच के बाद लेखपाल के जाते ही दो संप्रदाय के लोगाें के बीच विवादित भूमि को लेकर मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में एक पक्ष से टेकचंद्र ने दूसरे पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर का संज्ञान लेते हुए शाकिर, हाशिम व कासिम सहित इनकी तरफ के दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद