संभल। सरायतरीन के मोहल्ला नवाबखेल कच्चा इलाके के लोगों ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे के विरोध में शनिवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन से अवैध कब्जे की कोशिश करने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग उठाई। लोगों का कहना था कि यहां अनीस, कामिल, बिलाल, हनीफ, नूरे सबा, शाहे आलम, आसिफ ने जमीन ली थी। कुछ लोग जमीन पर मकान बनाकर रहे हैं जबकि कुछ निर्माण करा रहे हैं। अब दूसरे पक्ष के लोग उसी जमीन का बाद का बैनामा दिखाकर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। उन लोगों का प्रयास है कि मकानों को तोड़कर जमीन पर कब्जा कर लिया जाए। हुस्नजहां ने कहा कि पिछले वर्ष जमीन लेकर मकान बनाना शुरू किया। दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो काम रोकना पड़ा। हमने मकान पर अपना ताला लगा दिया तो उन लोगों ने रात के वक्त ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया।
इशरत जहां ने कहा कि डेढ़ साल पहले जमीन खरीदी थी। मकान का निर्माण चल रहा है। अब कुछ लोग जमीन को छीनना चाहते हैं और धमकी दे रहे हैं। लोगों ने कहा कि दो दिन पहले हयातनगर थाना प्रभारी को जमीन के कागजात दिखाए गए। उन्होंने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। लोगों ने कहा कि इस मामले में प्रशासन को जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।