संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटपूर्वी में ड्रोन उड़ने और चोर घूमने का शोर रविवार की रात मचा तो लोगाें ने रात जागकर काटी। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस भी जांच पड़ताल कर लौट गई। कहीं न ड्रोन उड़ता मिला और न कोई चोर दिखाई दिया। सुबह और शाम के समय तीन युवक जो लोगों ने पकड़े थे, उनसे सोमवार को भी पुलिस ने पूछताछ की है। हालांकि उन्होंने राहगीर होने की बात कही है। पुलिस इसकी जांच पड़ताल करने में लगी है।
शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी (रस्तोगी वाला) में रविवार की रात शोर मचा कि पांच ड्रोन मोहल्ले की छतों पर उड़ रहे हैं। इस शोर को सुनकर आसपास के तमाम लोग घराें से बाहर निकल आए और तलाश करने लगे। कुछ लोगों ने ड्रोन की लाइट चमकने का दावा किया लेकिन वीडियो कोई नहीं बना सका। हालांकि लोगों में दहशत दिखाई दी। इसके चलते वह सारी रात सो नहीं सके। मोहल्ले में चहलपहल बनी रही।
कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि लोगों ने जो तीन युवक पुलिस को सौंपे थे, उनसे पूछताछ कर रहे हैं। यह जानने का प्रयास है कि युवक मोहल्लों में किस मंशा से गए थे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।