संभल। संभल में बवाल के दूसरे दिन सोमवार को शांति के बीच पुलिस ने सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क, विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल समेत 2500 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। बर्क और सुहेल पर बलवा कराने की साजिश का आरोप है। वहीं तीन महिलाओं समेत 27 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया।
सीओ अनुज चाैधरी, एसपी के पीआरओ संदीप कुमार, दरोगा दीपक राठी और शाह फैसल की तहरीर पर संभल कोतवाली में पांच और नखासा थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए। इसमें 2500 लोगों को आरोपी बनाया गया है। वहीं गिरफ्तार तीन महिलाओं समेत 27 आरोपियों को लेकर मेडिकल परीक्षण कराने पुलिस संभल के सरकारी अस्पताल पहुंची। अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद मुरादाबाद जेल भेज दिया। बवाल के दूसरे दिन प्रभावित मोहल्लों में सन्नाटा पसरा रहा। दिनभर पुलिस की गाड़ियां दाैड़ती रहीं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारी लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते रहे। उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन से लिए गए फोटो व वीडियो खंगाल रही है।
बवाल में जान गंवाने वाले नईम, बिलाल और कैफ के शवों को पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर शाम ही पुलिस ने अलग-अलग कब्रिस्तानों में सुपुर्द-ए-खाक करा दिया था। रोमान के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम ही शव को दफन कर दिया। बता दें कि रविवार की सुबह कोर्ट कमिश्नर जामा मस्जिद का सर्वे करने के लिए पहुंचे तो मस्जिद के आसपास भीड़ एकत्र हो गई थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो बवाल शुरू हो गया था। इसमें पांच लोगों की जान चली गई थी।
16 घंटे बाद घर पहुंचा अयान का शव
संभल बवाल में घायल कोट गर्वी निवासी अयान की इलाज के दाैरान रविवार रात 12 बजे टीएमयू में माैत हो गई थी। सोमवार को मुरादाबाद में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शाम चार बजे के करीब अयान का शव संभल पहुंचा। रात में परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
आज शाम चार बजे तक बंद रहेगी इंटरनेट सेवा, खुलेंगे स्कूल
संभल में रविवार दोपहर से बंद इंटरनेट सेवा अभी बवाल नहीं हो सकी। डीएम के मुताबिक मंगलवार शाम चार बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। मंगलवार को सभी स्कूल-काॅलेज खुलेंगे।
जामा मस्जिद के सदर का आरोप, बवाल के लिए एसडीएम-सीओ जिम्मेदार
जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने सोमवार शाम प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि बवाल के लिए एसडीएम और सीओ जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि डीएम और एसपी के मना करने के बाद भी एसडीएम ने हौज का पानी निकलवाया तो मस्जिद के पास खड़ी भीड़ को भ्रम हुआ कि बिना अनुमति मस्जिद की खोदाई शुरू करा दी गई है। लोगों ने जानकारी मांगी तो सीओ ने लाठीचार्ज करते हुए गोली मारने की धमकी दी। इसके कारण बवाल हुआ। प्रेसवार्ता के बाद जफर अली को बुलाकर पुलिस ने पूछताछ की।
- रविवार का बवाल रातोंरात की साजिश लगती है। इसकी जांच की जा रही है। जो भी इस बवाल का साजिशकर्ता है या इसमें शामिल रहा है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी निर्दोष को डरने की जरूरत नहीं है।
डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम संभल
- सांसद को नोटिस दिया गया था, लेकिन उन्होंने राजनीतिक बयानबाजी की। इसलिए उकसाने के मामले में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी संभल