चंदौसी। शहर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पावर हाउस पर प्रस्तावित नए रोडवेज बस स्टैंड को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने की कगार पर है। निर्माण के लिए बजट जारी हो गया है, जिससे जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है और अब उम्मीद है कि जल्द ही नगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया रोडवेज बस स्टैंड मिलेगा।
फिलहाल शहर का रोडवेज बस स्टैंड आजाद रोड पर संचालित हो रहा है, जहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। मौजूदा रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है और न ही धूप व बारिश से बचाव के लिए कोई स्थायी व्यवस्था है। जगह कम होने के कारण बस स्टैंड के बाहर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
इन समस्याओं को देखते हुए करीब दो साल पहले डीएम ने बस स्टैंड को बदायूं रोड पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके तहत बदायूं चुंगी के पास स्थित पावर हाउस की करीब दो एकड़ भूमि को चयनित किया गया। भूमि की जांच के लिए मिट्टी परीक्षण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी। हालांकि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद बजट न मिलने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था और योजना अधर में लटकी रही। लेकिन अब शासन की ओर से बजट जारी होने से नए रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण की जल्द उम्मीद है।
इस संबंध में एआरएम प्रेम सिंह ने बताया कि शासन स्तर से रोडवेज स्टैंड के लिए धनराशि आवंटित होने की जानकारी तो मिली है, लेकिन अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई पत्र प्राप्त नहीं मिला है। कितनी धनराशि स्वीकृत हुई है, ये पत्र मिलने के बाद ही पता चल सकेगा।