चंदौसी(संभल)। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रविवार सुबह मालगाड़ी की शंटिंग के दौरान एक यात्री उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त न होने पर उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर और अलीगढ़ मुरादाबाद पैसेंजर खड़ी थी। इसी बीच प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मालगाड़ी की शटिंग हो रही थी। तभी एक युवक प्लेटफॉर्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए मालगाड़ी के डिब्बों के नीचे से होकर निकलने लगा। उसी समय मालगाड़ी अचानक आगे बढ़ गई, जिससे युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में युवक का एक हाथ और एक पैर बुरी तरह कट गया।
सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ के जवान दौड़कर आए और उसे रेलवे ट्रैक से उठाकर एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सीएचसी ले गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे संभल जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
आरपीएफ की तलाशी में उसकी जेब से चंदौसी से अतरौली तक का टिकट मिला। जीआरपी प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच है। उसके शव को बहजोई मोर्चरी में रखवा दिया गया है।