संभल। सिरसी में संभल-मुरादाबाद रोड किनारे मोहल्ला चौधरियान में करीब पांच साल पहले बना पार्क अनदेखी के चलते बदहाली के कगार पर पहुंच गया है। इसमें लगे ओपन जिम के उपकरण भी टूट गए हैं। पार्क की यह स्थिति तब है, जब नगर पंचायत के द्वारा इसकी देखभाल के लिए कर्मचारी नियुक्त है।
करीब पांच साल पहले डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पार्क का निर्माण हुआ था। देखरेख के लिए कर्मचारी नियुक्त किया गया, लेकिन केयर टेकर की लापरवाही के चलते कुछ समय बाद ही यह पार्क की दशा खराब होने लगी। फिलहाल स्थिति यह है कि इसमें लगा अधिकांश सामान व उपकरण टूटने के साथ ही गायब भी हो चुके हैं। नगर पंचायत की ओर से भी इसको लेकर गंभीरता नहीं बरती गई।
लोग बोले
सिरसी के मोहल्ला चौधरियान निवासी दिनेश चंद्रा ने बताया कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आजाद पार्क में ओपन जिम में बना हुआ था। काफी संख्या में लोग उसमें जिम करने के लिए जाते थे, लेकिन अब कोई सुविधा नहीं है। करीब दो साल से सामान गायब है।
अमित कुमार ने बताया कि पार्क में ओपन जिम बना था, जिसके उपकरण अब नहीं हैं। पार्क की देखभाल के लिए कोई होना चाहिए। खेल के मैदान में गड्ढ़े हैं। पीने के लिए पानी की सुविधा भी नहीं है। महिलाएं भी जिम करने आती हैं, लेकिन वह कर नहीं पाती हैं।
रोजी अब्बास ने बताया कि पार्क में बने जिम में पहले बहुत सुविधाएं थीं, लेकिन अब मशीनें टूट गईं हैं। बच्चे खेलने कोपरेशान हैं। पार्क की दीवारें और गेट भी टूटा हुआ है। सुबह को कसरत करने जाते हैं लेकिन कसरत का सामान नहीं होने से सिर्फ टहलकर आ जाते हैं।
जोगेंद्र सैनी ने बताया कि ओपन जिम पार्क में कसरत करने की मशीनें लगाई गई थीं। उसमें बच्चे और बड़े सभी कसरत करते थे लेकिन काफी समय से सामान गायब है। लोग कसरत करने आते हैं लेकिन सामान न होने से मायूस हैं।अब पार्क की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई है।