पहली पत्नी ने युवक पर पीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। न्यायालय में वाद लंबित होने की जानकारी दी। इसके बाद कन्या पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। युवक बारात वापस लेकर अपने घर चला गया।
थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव दारनी निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी बदायूं जनपद के थाना बिल्सी के थाना उघैती के गांव स्वरूपपुर निवासी योगेंद्र पुत्र शिवदयाल से तय हुई थी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वर पक्ष अपने परिजनों के साथ रविवार को बारात लेकर दारनी गांव पहुंचा।
तभी बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी टीटू पुत्र रामपाल को शादी का पता चला तो वह अपनी बहन रुचि और परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। टीटू ने बताया कि उनकी बहन रुचि की 18 अप्रैल 2014 को योगेंद्र के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद योगेंद्र ने दहेज की मांग की। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रुचि को घर से पीट कर निकाल दिया। दोनों पक्षों ने वाद दायर किए। वाद न्यायालय में विचाराधीन हैं। टीटू ने बताया कि इस बीच 12 फरवरी को योगेंद्र चुपचाप दारनी में बारात लेकर पहुंच गया। टीटू और परिजन पहले थाना पुलिस के पास गए। पुलिस ने मदद करने से इंकार कर दिया। इसके बाद टीटू ने 100 नंबर डायल किया। पुलिस मौके पर पहुंची। टीटू का कहना है कि पुलिस ने शादी रोक दी।