चंदौसी (संभल)। जिले में 40 सरकारी धान क्रय केंद्रों मंगलवार से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। अधिकारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभी तक 167 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इस बार खरीद 31 जनवरी तक चलेगी। केंद्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि आज से शुरू होने वाली खरीद के लिए केंद्रों में बोरे आदि बारदाना पहुंचा दिए गए हैं। किसानों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, मानक के अनुसार उनसे खरीद की जाए, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिले में विभिन्न एजेंसियों के 40 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इस बार 65 हजार मीट्रिक टन खरीद की जाएगी। शासन ने इस बार धान का समर्थन मूल्य 2300 रुपये और ग्रेड ए का 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। जो बीते वर्ष से 127 रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। कहा कि धान बिक्री के लिए किसान को खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। किसान स्वयं, जन सूचना केंद्र या साइबर कैफे के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। धान बेचने के 72 घंटे के अंदर किसानों के खाते में धान का मूल्य पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण के खाते का सत्यापन भी जरूरी है, ताकि भुगतान में देरी न हो सके। पंजीकरण में उन्हीं नंबरों का प्रयोग करें, जो उनके बैंक खाते व आधार से लिंक हो। किसी भी समस्या आने पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी व टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकते हैं।
-
ई-पॉप मशीन से होगी खरीद
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में इलेक्ट्रानिक प्वांइट ऑफ परचेज मशीन (ई-पॉप) के माध्यम से किसानों के बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा क्रय केंद्रों में धान की खरीद की जाएगी। ई-पॉप का संचालन खरीद केंद्र प्रभारी करेंगे। खरीद केंद्र पर किसान के उपस्थित न होने पर पंजीकरण के समय प्रपत्र में दिए परिवार के सदस्य के बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण से धान खरीदा जाएगा।
धान खरीद एजेंसियों के क्रय केंद्र और लक्ष्य
क्रय एजेंसी का नाम क्रय केंद्र की संख्या निर्धारित लक्ष्य (एमटी)
खाद्य विभाग 13 21125
पीसीएफ 10 16250
पीसीयू 10 16250
यूपीएसएस 05 8125
एफसीआई 02 3250
31 दिसंबर तक होगी बाजरा की खरीद
जनपद में आज से बाजरा की खरीद शुरू होगी। खरीद के लिए 11 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिन पर 31 दिसंबर तक खरीद होगी। इस बार बाजरे का समर्थन मूल्य 2625 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। ये रेट पिछली साल से 125 रुपये अधिक है।
वर्जन
जनपद में धान की खरीद आज से शुरू हो रही है। सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। खरीद के लिए 40 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जिनके माध्यम से 65 हजार मीट्रिक टन खरीद होनी है। अभी 167 किसानों ने क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। -संजीव कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संभल