ओबरी। असमोली थाना क्षेत्र के गांव निबौला निवासी ओमप्रकाश माथुर (46) की मौत के मामले में रविवार को उनके बेटे कृष्णा ने हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। जिला अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, मृतक के शरीर पर सौ से ज्यादा चोट के निशान मिले हैं। सिर को कुचला गया है और ब्लेड से काटने जैसे निशान भी पाए गए हैं।
निबोला गांव निवासी ओमप्रकाश माथुर (46) शनिवार दोपहर करीब दो बजे घर से डिडौली थाना क्षेत्र के गांव खरखौदा गए थे। शाम तक घर न लौटने पर उनके बेटे कृष्णा माथुर ने संपर्क किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह तलाश करने के लिए निकल पड़े। इस दौरान ओमप्रकाश सैदपुर इम्मा से भवालपुर मार्ग के किनारे एक दूरसंचार कंपनी के टावर के पास घायलावस्था में पड़े मिले।
सूचना पर ग्रामीण और पुलिस पहुंच गई थी। पुलिस ने निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजा। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के बेटे ने अज्ञात पर पीटने का आरोप लगाया है। चेहरा और शरीर बुरी तरह कुचला हुआ था। जैसे किसी धारदार हथियार के साथ भारी वस्तु से भी हमला किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के शरीर पर 100 से ज्यादा चोट के निशान पाए गए हैं। इसमें कुछ निशान गहरे और बड़े भी हैं। ज्यादा खून बहने और अंदरूनी शरीर के हिस्सों पर चोट पहुंचने से मौत हुई है।
0000
कोट
मृतक के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे की पड़ताल जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार है। इस घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
कुलदीप सिंह, कार्यवाहक सीओ, असमोली