सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के जैरोई हयातनगर गांव में हुई हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने मझोला चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। इस घटना में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। दिवाली के दिन हुए विवाद में प्रमोद (34) पर चाकू से हमला किया गया था, जिसकी मंगलवार रात मौत हो गई।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक के भाई अनमोल की तहरीर पर अरुण, पप्पू, सुदेश, विजयपाल, हरिराम और इंद्रेश सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चौकी प्रभारी संजय सिंह की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि हत्या के मामले में चार लोग हिरासत में हैं और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रमोद का दो दिन तक मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चला था। पुलिस ने पहले जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन युवक की मौत के बाद मामले को हत्या में बदल दिया गया।
पुराने विवाद के कारण हुई वारदात
चर्चा है कि मृतक प्रमोद और सुदेश के बीच एक महीने पहले विवाद हुआ था। यह विवाद बनियाठेर थाना क्षेत्र के मझावली में शराब पीने को लेकर हुआ था। तब पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर उपजिलाधिकारी के न्यायालय में पेश किया था। यह पुराना विवाद तब से सुलझ नहीं पाया था। दिवाली पर फिर से गाली गलौज हुई और इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।