संभल। सपा विधायक इकबाल महमूद ने रविवार को बवाल के दौरान जान गंवाने वाले पांचों मृतकों के परिजनों से मुलाकात की है। पीड़ित परिजनों को मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही पार्टी की ओर से मिलने वाली मदद की जानकारी भी दी है।
विधायक ने बताया कि वह मोहल्ला कोटगर्वी निवासी अयान, नईम, तुत्तीपुर इल्हा निवासी कैफ, हयातनगर निवासी रोमान और सरातरीन निवासी बिलाल के परिजनों से मिले हैं। बताया कि सभी अपने अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाले थे। यह घटना कैसे हुई है इसकी जांच होनी चाहिए। जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूटा है। बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की है। जल्द ही पीड़ित परिजनों को यह आर्थिक मदद दी जाएगी।
सपा का प्रतिनिधिमंडल 10 दिसंबर के बाद संभल आएगा
संभल। बवाल में जान गंवाने वाले लोगाें के परिजनों से मिलने और आर्थिक मदद करने के लिए सपा का प्रतिनिधिमंडल 10 दिसंबर के बाद संभल आएगा। सपा के संभल विधायक इकबाल महमूद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के नेतृत्व में बनाया गया है। इसमें यूपी विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव, सांसद हरेंद्र मलिक, रूचिवीरा, इकरा हसन, जियाउर्रहमान बर्क, नीरज मौर्य, विधायक कमाल अख्तर, रविदास मेहरोत्रा, नवाब इकबाल महमूद, पिंकी यादव, संभल के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, मुरादाबाद के जिलाध्यक्ष जयवीर यादव, बरेली के जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप शामिल हैं। बताया कि शनिवार को प्रतिनिधिमंडल संभल आ रहा था लेकिन जगह जगह पुलिस ने रोक लिया। इसलिए अब अगली तिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा तय की जाने पर प्रतिनिधिमंडल संभल आएगा।