संभल। गवां-हसनपुर मार्ग पर ट्रक से कुचलक युवक की मौत के बाद परिजन व ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाने की कोशिश की तो उग्र हो गए। ट्रक में तोड़फोड़ शुरू कर दी और पहियों की हवा भी निकाल दी। जिससे वाहन चालक दहशत में आ गए। कई चालकों ने अपने वाहन को ही छोड़ दिया और नीचे उतर गए। हालांकि पुलिस ने किसी तरह उग्र भीड़ को काबू किया। इसके बाद जाम में फंसे चालकों ने राहत की सांस ली।
परिजनों ने शव को उठाने से इन्कार कर दिया था। वह आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मौके पर मौजूद एसडीएम दीपक कुमार और सीओ गणेश गुप्ता ने आक्रोशित भीड़ को भरोसा दिलाया कि वह चालक को जल्द गिरफ्तार कराएंगे। सख्त सजा भी मिलेगी। जो आर्थिक मदद हो सकती है उसके लिए भी प्रयास करेंगे। इस भरोसे के बाद भीड़ काबू हो सकी। एसडीएम ने बताया कि मृतक अमरोहा जिले का निवासी है। मदद की प्रक्रिया अमरोहा जिले से ही आगे बढ़ेगी। जो सहयोग संभल पुलिस-प्रशासन से चाहिए होगा वह दिया जाएगा।
कोट
परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम खुलवा दिया था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चूंकि मृतक अमरोहा जिले का निवासी है तो आर्थिक मदद संबंधी कार्रवाई अमरोहा जिले से ही होनी है। - दीपक कुमार, एसडीएम, गुन्नौर