चंदौसी(संभल)। कोतवाली क्षेत्र बदायूं रोड स्थित एक धर्मशाला में तीन दिवसीय कबड्डी लीग प्रतियोगिता में आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों के साथ मारपीट की गई। खिलाड़ियों ने कोतवाली में पहुंच आयोजक की शिकायत की। खिलाड़ियों का आरोप था कि मैच होने के बाद आयोजक द्वारा ईनाम की तय राशि नहीं दी गई। मांगने पर अभद्रता कर मारपीट की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आयोजकों से जानकारी की। जिसमें स्पष्ट हुआ कि आयोजक द्वारा कबड्डी लीग प्रतियोगिता कराने की परमीशन तक नहीं ली गई थी। प्रतियोगिता में कई प्रदेशों से पहुंच खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
बदायूं रोड स्थित एक धर्मशाला में तीन दिवसीय कबड्डी लीग प्रतियोगिता का आयोजन 13 मार्च से प्रारंभ किया गया था। जिसमें उत्तर प्रदेश सहित, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड आदि से राज्यों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पहले खिलाड़ियों की बोली भी लगाई गई थी। जो धनराशि आयोजक द्वारा खिलाड़ियों को देनी थी। जबकि प्रतियोगिता संपन्न कराने की परमीशन भी प्रशासन ने नहीं ली गई।
कबड्डी के खिलाड़ी, रवि, कुमार, आशीष चंद्र, हरजीत सिंह, अमन ठाकुर, विवेक कुमार ने बताया कि मंगलवार को प्रतियोगिता के अंतिम मैच हारने वाले खिलाड़ियों ने बोली लगाई गई रकम आयोजक से मांगी। आरोप है कि इस पर खिलाड़ियों से आयोजक ने साथ अभद्रता कर मारपीट की और खिलाड़ियों को केवल पांच-पांच सौ रुपये देकर भगा दिया। मंगलवार की रात करीब दस बजे काफी संख्या में एकत्र होकर खिलाड़ी कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार से अपनी शिकायत की। इसके मौके पर पहुंची पुलिस ने आयोजक से खिलाड़ियों द्वारा लगाए गए आरोपों की जानकारी की तो आयोजक ने बताया कि प्रत्येक खिलाड़ी को अभी केवल पांच-पांच सौ रुपये दिए गए हैं। बाकी की राशि एक सप्ताह के अंदर खिलाड़ियों के बैंक एकाउंट में डाल दी जाएगी। पुलिस के पूछने पर आयोजक प्रतियोगिता कराने की परमीशन तक नहीं दिखा सके। खिलाड़ियों ने बताया कि उनके पास घर जाने को किराए तक के रुपये नहीं है। जबकि आयोजक से रुपये मांगे तो मारपीट कर बाहर निकाल दिया।
रात में खिलाड़ी बिना शिकायत दिये चले गए थे और सुबह आकर तहरीर देने की बात कही थी। पर दिन में कोई खिलाड़ी शिकायत करने नहीं आया।
मुकेश कुमार प्रभारी निरीक्षक चंदौसी।
इन खिलाड़ियों की लगाई गई बोली:
हर्षित यादव- 2800 रुपये
अनुज कुमार- 2300 रुपये
अभिषेक कुमार- 986 रुपये
अंशुल राजपूत- 2300 रुपये
अजय कुमार- 3000 रुपये
सोनू - 2400 रुपये
अनुज यादव- 2400 रुपये
ललित कुमार- 3000 रुपये
विशाल - 2600 रुपये
छात्रों की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आयोजक के विरूद्ध कार्रवाई अवश्य की जाएगी।
गोपाल सिंह, सीओ चंदौसी।