संभल। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह बृहस्पतिवार को स्कूल बचाओ आंदोलन के तहत संभल आए। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्कूलों का विलय कर सरकार अपनी नाकामी छुपा रही है। इसका विरोध सड़क से संसद तक होगा। सुप्रीम कोर्ट तक इस मुद्दे को ले जाएंगे।संजय सिंह पदाधिकारियों के साथ गांव कल्याणपुर स्थित उस विद्यालय में बैठक की जिसका रिठाली में विलय संबंधी आदेश हुआ है। विद्यालय में बृहस्पतिवार को 15 विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए पहुंचे थे। मुख्य अतिथि संजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। कहा कि सरकार ने स्कूलों को बढ़ावा देने की बजाय बंद करने की योजना निकाली है। कहा कि विद्यालय के विलय होने पर गरीब, मजदूर के बच्चों को पढ़ने के लिए एक किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। योगी सरकार के इस निर्णय के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क से संसद तक और फिर सुप्रीम कोर्ट तक इस लड़ाई को लड़ेगी। पूरे प्रदेश में जगह-जगह जाकर प्रत्येक स्कूल में पहुंचकर पार्टी के कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
बताया कि 21 जुलाई से चलने वाले संसद सत्र में भी स्कूलों के विलय के खिलाफ आवाज उठाऊंगा। यह आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक प्रदेश सरकार निर्णय को वापस नहीं लेगी।इस कार्यक्रम में शामिल हुए बच्चों ने मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए के स्लोगन लिखीं हुईं पट्टियां ले रखी थीं। विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान गांव के सैकड़ों बच्चे और अभिभावक उनके साथ पैदल मार्च में शामिल हुए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
00000
पढ़ाई के समय स्कूल में बैठक करके उड़ाई धज्जियां
सिंहपुरसानी। आम आदमी पार्टी के बैनर तले विद्यालय में जो बैठक हुई, वह स्कूल समय में हुई। इसमें मुख्य अतिथि सांसद संजय सिंह रहे। यहां लाउडस्पीकर बजाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इससे पढ़ाई में व्यवधान हुआ। एबीएसए पोप सिंह ने बताया कि स्कूल टाइम में विद्यालय में कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। जानकारी करके कार्यक्रम कराने वालों की खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
00000
परीषदीय विद्यालयों को मर्ज न करने की मांग
संभल। बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय नौकरी करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक बालक राम पाल ने विद्यालयों को मर्ज न करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस बाबत मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। जिसमें बताया कि देश की खुशहाली तभी संभव है, जब पढ़ाई का स्तर बढ़ेगा। लेकिन अब स्कूल बंद हो रहे हैं, यह गलत है। इससे स्तर घटेगा। ऐसा नहीं होना चाहिए। संवाद