धनारी। आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर थाना क्षेत्र के मानकपुर तिराहे के पास एक कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी है। हादसे में बाइक पर सवार एक किशोर की मौत हो गई तथा मासूम बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। थाना गुन्नौर क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी सुरेश कुमार (21) रविवार की शाम अपने चार वर्षीय पुत्र अजय कुमार, अशोक (50) व सेमला थाना गुन्नौर निवासी जितेन्द्र कुमार (15) के साथ बाइक से बहजोई की ओर जा रहे थे।
शाम करीब साढ़े छह बजे आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी थाना क्षेत्र के मानकपुर तिराहे के पास पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरे। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अपनी गाड़ी से बहजोई सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने जितेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर मृतक किशोर के युवक भी अस्पताल पहुंच गए। किशोर की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा कि बाइक सवार किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहजोई की ओर जा रहे थे।