संभल। मुरादाबाद स्थित हस्तशिल्प निर्यात फर्म का कर्मचारी कोरोना संक्रमित निकला है। वह संभल जिले के भैंसोड़ा गांव का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार की रात उसके गांव पहुंची। टीम ने उसे एंबुलेंस के जरिए सिरसी स्थित बहमन जहरा स्कूल में बनाए गए कोरोना अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 144 हो गई है। अब तक 84 लोग ठीक हो गए हैं। जबकि 60 कोरोना संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है।
मुरादाबाद में लोधीपुर स्थित हस्तशिल्प निर्यात एक निर्यात फर्म में काम करने वाले कर्मचारी की कोरोना संबंधी जांच फर्म की ओर से 6 जून को एक निजी लैब में कराई गई। इसकी रिपोर्ट 7 जून को आई जिसमें कर्मचारी कोरोना संक्रमित था।
कर्मचारी संभल जिले के भैंसोड़ा गांव का निवासी है। इसलिए रविवार की रात में संभल जिले की सीएमओ को इसकी सूचना मिली। सीएमओ ने तत्काल गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा। रात्रि होने की वजह से टीम के साथ असमोली थाने की पुलिस भी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसे एंबुलेंस के जरिए सिरसी स्थित कोरोना अस्पताल भेजा है।
संभल जिले के कोरोना आंकड़े
कुल नमूने लिए गए -5978
कुल निगेटिव -5477
अब तक प्राप्त रिपोर्ट -5797
कोरोना संक्रमित -144
सोमवार को सैंपल भेजे गए -82
सोमवार को आए कोराना पॉजिटिव -01
सिरसी में 46 कोरोना संक्रमित भर्ती, नोडल अधिकारी और सीएमओ ने किया निरीक्षण
संभल। नोडल अधिकारी डा. शेर सिंह और मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अमिता सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों के संग मंगलवार को दोपहर सिरसी स्थित बहमन जहरा अस्पताल कोरोना संक्रमित के उपचार के विषय में जानकारी ली। सिरसी में 250 बेड की क्षमता का अस्पताल चल रहा है। अब संभल जिले के कोरोना संक्रमित इसमें ही भर्ती किए जा रहे हैं।