संभल। अतिसंवेदनशील संभल में अब तीन आईपीएस अधिकारी की तैनाती हो गई है। एएसपी (सहायक पुलिस अधीक्षक) आलोक कुमार की तैनाती शासन ने की है। बृहस्पतिवार को वह कार्यभार संभालेंगे। कार्यभार संभालने के बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई उनको जिम्मेदारी देंगे। जिला बने हुए 14 वर्ष होने को हैं। जिले में पहली बार तीन आईपीएस अधिकारियों की तैनाती हुई है। जिला बनने के बाद एक ही आईपीएस अधिकारी की तैनाती एसपी के रूप में रहती थी। करीब एक वर्ष पहले जिले में 2020 बैच की आईपीएस अनुकृति शर्मा की तैनाती हुई थी। वह एएसपी दक्षिणी (अपर पुलिस अधीक्षक) की जिम्मेदारी निभा रही हैं। वह गुन्नौर और बहजोई सर्किल को देखती हैं। अब 2022 बैच के आईपीएस आलोक कुमार की तैनाती जिले में एएसपी के पद पर शासन ने की है।
एसपी ने बताया कि एएसपी के पद बड़े शहरों में होते हैं। लेकिन संभल में भी हमें जरूरत लगी तो मुख्यालय को पत्राचार कर एएसपी की तैनाती के लिए मांग की थी। उसी क्रम में तैनाती हुई है। अब एएसपी जिले में आमद कराएंगे तो उन्हें जिम्मेदारी दी जाएगी। जिले में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए वह बेहतर काम कर सकते हैं। उसके अलावा जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह निभाएंगे और उनको सर्किल भी दिया जाएगा। बताया कि झांसी में आलोक कुमार एएसपी के पद पर तैनात थे। मालूम हो 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल हो गया था। उसमें पांच लोगों की जान गई थी। जबकि 29 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद से लगातार पुलिस-प्रशासन चौकसी बरत रहा है। अतिसंवेदनशील श्रेणी में संभल शामिल है। शासन स्तर से भी लगातार निगरानी की जा रही है।
एएसपी (उत्तरी) तीन सर्किल की जिम्मेदारी निभा रहे
एएसपी (उत्तरी) अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र संभल, चंदौसी और असमोली सर्किल की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। श्रीश्चंद्र वरिष्ठ पीपीएस अधिकारी हैं। इनके तीन सर्किल में 10 थाने शामिल हैं। एक वर्ष पहले तक जिले में एएसपी के पद पर एक ही तैनाती हुआ करती थी। शासन ने श्रीश्चंद्र की तैनाती अगस्त 2022 में की थी। बता दें संभल में 1978 से एएसपी की तैनाती होती है। जब संभल मुरादाबाद जिले की तहसील हुआ करता था। 1978 में हुए दंगे के बाद शासन ने एडीएम और एएसपी की तैनाती का निर्णय लिया था।