नखासा थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में बदमाशों ने बुधवार रात को एक परिवार को बंधक बनाकर मारपीट की। घर में रखी अलमारी से 50 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवरात समेत एक लाख रुपये का माल लूटकर ले गए। गुरुवार को सुबह को पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर निवासी अलीजान पुत्र शहजाद बुधवार की रात्रि अपने परिवार के लोगों के साथ घर के आंगन में सो रहा था। उनकी एक पुत्रवधू कमरे में सो रही थी। रात दो बजे आधा दर्जन बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर परिवार के लोगों को बंधक बना लिया।बदमाश घर के कमरे में पहुंचे और अलमारी खोलकर 50 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, पैंडिल, चांदी की पाजेब, हार समेत करीब एक लाख रुपये का माल समेट कर ले गए। परिवार के लोग बदमाशों के डर से सहमे रहे।
गुरुवार की सुबह पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी सर्वेंद्र कुमार का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली है। न ही कोई तहरीर दी गई है। तहरीर मिलती है तो जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।