बहजोई। हाईवे पर बहजोई-बबराला के बीच ट्रक व डीसीएम की जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। इसमें डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। आनन-फानन तीन घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि एक घायल को लोग निजी अस्पताल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली। जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
रविवार को दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहजोई-बबराला के बीच गांव खजरा-खाकम के निकट पेट्रोल पंप के सामने बबराला की ओर से आ रहे एक ट्रक की बहजोई की ओर से जा रही डीसीएम से जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। हादसा देख आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। इस बीच डीसीएम चालक खेमपाल पुत्र अजुध्धी निवासी गांव किसौली कोतवाली बहजोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक के केबिन कापीछे वाला टायर फट गया और डीजल टैंक भी फट गया। इससे डीजल सड़क पर फैल गया।
वहीं दूसरी ओर डीसीएम का केबिन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और डीसीएम सड़क किनारे नीचे उतर गई। इस बीच ट्रक व डीसीएम की भिड़ंत के बाद सड़क से होकर गुजर रहा एक चाट का ठेला चपेट में आ गया और क्षतिग्रस्त हो गया। चाट विक्रेता भी घायल हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन घायलों में नरेश पुत्र रामस्वरूप व इकरार पुत्र बन्ने खां निवासी गांव बिसारू कोतवाली बहजोई तथा एक अन्य घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं चाट विक्रेता को लोग नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए।
इस बीच परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सीएचसी में घायलों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों में एक घायल की हालत गंभीर थी। इससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं चाट विक्रेता को भी लोग किसी निजी अस्पताल में ले गए। दोनों घायलों के नाम व पते तलाशे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं ट्रक के चालक व क्लीनर को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।