संभल/सिरसी। मंगलवार को सायं तीन बजे मोटर साइकिल पर सवार होकर आ रहे युवक की रेलवे क्रासिंग के पास मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। यह युवक मोटर साइकिल पर सवार होकर मुरादाबाद से संभल की ओर जा रहा था। जैसे ही यह युवक सिरसी रेलवे क्रासिंग के नजदीक पहुंचा तभी उसके गिरने की आवाज आई और उसके सिर में चोट लगी। उसकी मौत मौके पर ही हो गई। जैसे ही पुलिस चौकी सिरसी में इसकी सूचना मिली तुरंत चौकी प्रभारी धीरेन्द्र गंगवार ने पुलिसकर्मियों के साथ घटना पर जाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक के फोटो को सोशल मीडिया के व्हाट्स एप ग्रुप में डाले गए हैं। यह चर्चा भी मौके पर थी कि युवक बाइक नहीं चला रहा था। यह पीछे बैठा था और जो युवक बाइक चला रहा था वह मौके से बाइक लेकर भाग गया। लेकिन घटना के बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। अब यह पता किया जा रहा है कि दूसरा युवक कौन था? मृत युवक कहां का निवासी है।