संभल। असमोली थाना क्षेत्र के मनोटा पुल पर बुधवार की शाम साढ़े चार बजे दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में गांव अशरफपुर निवासी मुनकाद अली (35) की मौत हो गई। जबकि उसकी पांच वर्षीय बेटी अलशिफा और दूसरी बाइक सवार युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव अशरफपुर निवासी अंसार अली ने बताया कि उनका भाई मुनकाद अली के परिवार में पत्नी भूरी के अलावा तीन बेटियां हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। बताया कि बुधवार को मुनकाद बेटी अलशिफा के साथ गांव मीरपुर साकीपुर में एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। इसी दौरान मनोटा पुल के पास सामने से आई बाइक से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने मुनकाद को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसकी बेटी व दूसरे बाइक सवार का उपचार चल रहा है। वहीं असमोली थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घायल का उपचार चल रहा है।