संभल के सौंधन में खेत पर झोपड़ी बनाकर रह रहे दंपती का डेढ़ महीने का बेटा बुधवार की देर रात सोते समय लापता हो गया। जानकारी होने पर दंपती ने आधी रात से ही उसकी आसपास तलाश की लेकिन गुरुवार सुबह तक उसका पता नहीं चला। इसके बाद यूपी-112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर यूपी 112 के साथ ही थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने किसी जानवर के ले जाने की आशंका के चलते आसपास तलाश की, लेकिन कोई ऐसा सुराग नहीं लगा। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीशचंद्र और बहजोई पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। तीन टीमों को बालक की तलाश में लगाया गया है।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सेमला निवासी नानक चंद अपनी पत्नी सविता और दो बेटी और डेढ़ महीने के बेटे के साथ गांव के बाहर स्थित खेत पर झोपड़ी बनाकर रहते हैं। खेती करीब एक बीघा में होती है। परिवार की गुजर के लिए मजदूरी करते हैं। नानक चंद ने बताया कि बुधवार की देर रात अचानक आंख खुली तो उनका बेटा नहीं था। पत्नी को उठाकर आसपास तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह तक गांव के लोगों के साथ तलाश करते रहे लेकिन बेटा नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि नानक चंद का गांव में मकान नहीं है। इसलिए वह अपनी एक बीघा खेती के नजदीक ही झोपड़ी डालकर रहने लगा है। इकलौता बेटा लापता होने से परिवार परेशान है। पुलिस कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। कैलादेवी थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि बालक के पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।