चंदौसी। चंदौसी में पावर हाउस पर नया रोडवेज बस स्टैंड बनाने के लिए चिह्नित जमीन का निरीक्षण करने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बस स्टैंड के लिए दो एकड़ जमीन शासन के निर्देश पर डीएम ने रोडवेज परिवहन विभाग के नाम दर्ज करा दी है। स्वीकृति आरएम को चली गई है।
चंदौसी में आबादी के बीच आजाद रोड पर पुराना बस स्टैंड हैं। यहां से करीब 91 बसें संचालित होती हैं और रोजाना बसों में करीब 12 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। आबादी और रेलवे फाटक के पास से बस स्टैंड स्थापित कराने के लिए काफी समय से प्रक्रिया चल रही थी। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने पावर हाउस की जमीन पर बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव किया था। राज्यमंत्री के प्रस्ताव और शासन के निर्देश पर पावर कारपोरेशन ने एनओसी जारी करते हुए डीएम को पावर हाउस की जमीन में से दो एकड़ जमीन परिवहन निगम के बस स्टैंड के नाम पर दर्ज कराने की स्वीकृति दी थी।
बृहस्पतिवार को सेवा प्रबंधक मुरादाबाद सुरेंद्र कुमार, एआरएम (वित्त) एमएल मिश्रा, रोडवेज परिवहन निगम के सहायक अभियंता एनके गोयल चंदौसी पहुंचे और पावर हाउस की जमीन पर बस स्टैंड बनाने के लिए दो एकत्र जमीन चिह्नित की। इसकी स्वीकृति का बंद लिफाफा डीएम को भिजवा दिया। डीएम की ओर से जमीन रोडवेज परिवहन निगम के चंदौसी बस स्टैंड के नाम पर दर्ज कराने की स्वीकृति का पत्र क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद के नाम बृहस्पतिवार को ही भिजवा दिया गया है। अब बस स्टैंड बनाने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से पत्र भेजकर शासन से बजट की डिमांड की जाएगी।