चंदौसी। अब परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र- छात्राओं का प्रत्येक माह टेस्ट लिया जाएगा। ताकि उनकी शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। इसके बाद बच्चों को टेस्ट में मिले अंक को शिक्षक उनके अभिभावकों को दिखाएंगे और चर्चा भी करेंगे। यह प्रक्रिया अगले सत्र से शुरू की जाएगी।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1289 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय है। जिनमें करीब 1,59,000 हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इन स्कूलों में बच्चों का शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए विभाग की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब विभाग की ओर से हर माह के हिसाब से कोर्स निर्धारित किया गया है। प्रत्येक माह शिक्षक निर्धारित कोर्स को पढ़ाकर बच्चों के लिए रिवीजन कराएंगे। फिर हर माह बच्चों के शैक्षणिक स्तर का टेस्ट के माध्यम से आंकलन होगा। यदि कोई बच्चा पढ़ाई में कमजोर पाया जाता है। तो उस पर अतिरिक्त ध्यान दिया जाएगा। साथ ही शिक्षक उस कमजोर बच्चे के अभिभावक से भी चर्चा करेंगे।
इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक सामग्री पोस्टर्स, पिक्चर स्टोरी, कार्ड, वार्तालाप चार्ट्स आदि के माध्यम से भी बच्चों को पढ़ाई कराई जाएगी। ब्लॉक बनियाखेड़ा के बीईओ विनोद कुमार ने बताया कि परिषदीय स्कूलों के बच्चों का शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। संभावना है कि अगले सत्र से प्रत्येक माह बच्चों का टेस्ट कराया जाएगा। जिससे उनकी पढ़ाई का स्तर सुधारा जा सके। लेकिन अभी लिखित रूप से आदेश नहीं प्राप्त हुए हैं।