बहजोई। अब जिले के सरकारी स्कूलों में 114 भवनों का पुनर्निर्माण होगा। विद्यालयों के जर्जर भवनों के ध्वस्त होने के बाद शासन ने इसकी पहल की है। निर्माण को लेकर शासन की स्वीकृति मिल गई है। अब बजट का इंतजार है। बजट मिलते ही इन भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
डीसी निर्माण सचिन सक्सेना ने बताया कि जिले के सरकारी स्कूलों में चिह्नित किए गए जर्जर भवनों के ध्वस्त होने के बाद अब भवनों का पुनर्निर्माण होना है। इसको लेकर शासन की ओर से 102 प्राथमिक व 12 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण को शासन की मंजूरी मिली है। साथ ही प्राथमिक विद्यालयों के जर्जर भवनों को 14 करोड़ 8 लाख 62 हजार रुपये तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए 2 करोड़ 85 लाख 36 हजार रुपये मंजूर हुए हैं। माह जुलाई तक शासन से बजट मिलने की संभावना है। बजट मिलते ही भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
शासन ने जिले को 21 अतिरिक्त भवन भी किए मंजूर
डीसी सिविल सचिन सक्सेना ने बताया कि शासन ने जिले के सरकारी स्कूलों के लिए 21 अतिरिक्त भवन भी मंजूर किए हैं। साथ ही इन अतिरिक्त भवनों के निर्माण के लिए शासन से 1 करोड़ 24 लाख 95 हजार रुपये भी स्वीकृत किए हैं।