जुनावई। विकासखंड जुनावई में 24 सितंबर को 30पंचायत सहायकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हुई। इस लापरवाही पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एडीओ पंचायत पंकज कुमार ने सभी संबंधित सहायकों को नोटिस जारी किए हैं।
एडीओ पंचायत ने दो दिन के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा है। अनुपस्थित पाए गए सभी पंचायत सहायकों का एक दिन का मानदेय काटने का आदेश दिया गया है। शासन के निर्देशों के अनुसार, पंचायत सहायकों को प्रतिदिन पंचायत भवन पर जियो फेंसिंग एप से उपस्थिति दर्ज करनी होती है। इसके बावजूद कई सहायक लगातार अनुपस्थित रह रहे थे। 24 सितंबर की अचानक जांच में बड़ी संख्या में सहायकों की उपस्थिति नहीं मिली। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
उनमें बघौई, बैरपुर सेवा, बुधौती फाजिलपुर, चिरवारी, चिरवारा, जुनावई, मेंढ़ोली, सिंघौला पुख्ता, सिमरई, विलासपुर समेत कुल 30 ग्राम पंचायतों के सहायक अनुपस्थित पाए गए। एडीओ पंचायत ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को मानदेय काटने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने सभी सहायकों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। उन्हें नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पंचायत भवन पर उपस्थित रहना होगा।