बहजोई। विकास कार्यों में 20 लाख रुपये के सरकारी धन का दुरुपयोग करने पर तत्कालीन ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामला विकासखंड रजपुरा की ग्राम पंचायत डुप्टा खुर्द का है।
जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन ने बताया कि बीते दिनों विकासखंड रजपुरा की ग्राम पंचायत डुप्टा खुर्द के ग्रामीणों की ओर से विकास कार्यों में अनियमितता कर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत की गई थी। पूरे मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी को जांच अधिकारी नामित किया गया था। जांच अधिकारी की जांच आख्या मिलने के बाद सामने आया कि तत्कालीन ग्राम प्रधान कुसुमा देवी की ओर से गांव के अंबेडकर पार्क पर सीसी टाइल्स कार्य समेत अन्य स्थानों पर सीसी टाइल्स इंटरलॉकिंग कार्य व स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालय निर्माण आदि में 20 लाख 62 हजार 838 रुपये का आहरण कर दुरुपयोग किया गया है। डीएम के मुताबिक पूरे मामले में तत्कालीन ग्राम प्रधान कुसुमा देवी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिन में जबाव मांगा गया है। तय समय में जबाव न दिए जाने पर कार्रवाई को चेताया।