चंदौसी (संभल)। बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। बुधवार को विभिन्न पदों के लिए अधिवक्ता प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ बार रूम में एल्डर कमेटी के समक्ष पहुंच कर अपने-अपने नामांकन कराए। इस दौरान समर्थकों ने फूल मालाओं से अपने-अपने प्रत्याशी का स्वागत किया।
दो दिन 16 और 17 जुलाई को नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। एल्डर कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार शर्मा समेत सदस्य शकील अहमद वारसी, मो. सगीर सैफी, राजबहादुर व लोकेंद्र शर्मा ने दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र जमा किए। एल्डर कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि पहले दिन वरिष्ठ उपाध्यक्ष के एक पद, उपाध्यक्ष वरिष्ठ खंड के एक पद, उपाध्यक्ष कनिष्ठ खंड के दो पद, कोषाध्यक्ष के एक पद, सहसचिव पद हेतु पांच अधिवक्ताओं ने तथा गवर्निंग कौंसिल वरिष्ठ खंड हेतु एक व गवर्निंग कौंसिल कनिष्ठ खंड हेतु तीन अधिवक्ताओं ने नामांकन कराए हैं। 17 जुलाई दिन बृहस्पतिवार को भी दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।